रुद्रपुर। शहर में तीन नई पुलिस चौकियां खोलने के लिए मंजूरी मिलने के बाद उपयुक्त जमीन नहीं मिल पा रही है। जनवरी में पुलिस अधिकारियों ने भूरारानी, गंगापुर, जयनगर में पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। थाना क्षेत्र से तीनों इलाके दूर होने के कारण वहां पुलिस को पहुंचने में देरी लग रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों को छोटे-मोटे कागजी कार्यों के लिए थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। क्षेत्र के थाना प्रभारियों ने उन इलाकों में जमीन खोजने की कवायद शुरू कर दी थी। गंगापुर रोड पर तो पुलिस को उपयुक्त जमीन मिल गई है लेकिन भूरारानी और जयनगर में जमीन खोजने की कवायद चल रही है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि एक माह के भीतर उपयुक्त जमीन मिलने के बाद पुलिस चौकी स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई होगी।