- अब तक सामिया प्रबंधन पर दर्ज हो चुकी हैं 13 एफआईआर
रुद्रपुर। सामिया बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन और केस दर्ज हुए हैं। कॉलोनी प्रबंधन के खिलाफ अब तक कुल 13 केस दर्ज हो चुके हैं लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
उमरुखुर्द खटीमा निवासी खीम नाथ गोस्वामी और देव सिंह खोलिया ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि काशीपुर रोड पर स्थित सामिया लेक सिटी कॉलोनी में उन्होंने वर्ष 2013 में एक फ्लैट बुक कराया था। इसके लिए उन्होंने कॉलोनी प्रबंधन को 12-12 लाख रुपये दिए। आरोप है कि कॉलाेनी प्रबंधन ने अब तक उन्हें फ्लैट में कब्जा नहीं दिया और वह लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सामिया कॉलोनी निवासी परवेज आलम ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि वर्ष 2011 में उन्होंने कॉलोनी में एक फ्लैट लेने के लिए प्रबंधन को 8,27,000 रुपये दिए थे लेकिन अब तक उन्हें फ्लैट पर कब्जा नहीं मिला। इसके अलावा फ्लैट के निर्माण के लिए भी वह छह लाख रुपये दे चुके हैं। आरोप है कि इसके बावजूद काॅलोनी प्रबंधन के लोग गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने कॉलोनी स्वामी पूर्वी दिल्ली निवासी जमील अहमद खान, प्रबंधक सगीर खान, कर्मचारी मो. हासिम, चमन गुर्जर, शैफउल्ला, तस्लीम और अकील अहमद के खिलाफ केस दर्ज किया। एसएचओ विक्रम राठौर का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।