स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काशीपुर, कुंडा और दिनेशपुर में क्लीनिकों व पैथोलॉजी लैबों में छापा मारा। टीम ने कुंडा में तीन क्लीनिकों को सील कर वहां नोटिस चस्पा कर दिया। जबकि दिनेशपुर में अनाधिकृत रूप से चल रही एक लैब में भी ताले जड़ दिए। काशीपुर में दो अल्ट्रासाउंड सेंटर भी चेक किए।
बृहस्पतिवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काशीपुर व कुंडा में अनाधिकृत रूप से चल रहे
क्लीनिकों के खिलाफ छापा मारा। टीम ने काशीपुर में दो अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनें चेक कीं। एक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का पंजीकरण होना नहीं पाया गया लेकिन जांच में उक्त मशीन से कोई अल्ट्रासाउंड न किए जाने की बात सामने आई। दूसरे अस्पताल में मशीन ठीक मिली।
इस दौरान काशीपुर में अनाधिकृत रूप से क्लीनिक चला रहे कई डॉक्टर अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। टीम ने कुंडा में कुंडा निवासी डॉ. तौफीक, टीला निवासी डॉ. अनिल कुमार और बक्सौरा निवासी डॉ. बलविंदर सिंह के क्लीनिक सील कर दिए। दिनेशपुर में सेंट्रल पैथॉलाजी में लैब का रजिस्ट्रेशन किसी अन्य व्यक्ति के नाम होना बताया गया। वहां कोई दक्ष लैब टेक्नीशियन और डॉक्टर नहीं था। लैब संचालक पैथॉलोजी के संबंध में जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। टीम में डॉ. हरेंद्र मलिक के साथ कोर्डिनेटर प्रदीप महर भी शामिल रहे।
परचून की दुकान से मिले नशे के 455 कैप्सूल और दवाएं, दुकानदार गिरफ्तार
दिनेशपुर। औषधि निरीक्षकों ने पुलिस टीम के साथ नगर में छापा मारा। इस दौरान अनियमितता मिलने पर तीन मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की। टीम ने एक परचून की दुकान से काफी मात्रा में नशे के कैप्सूल के अलावा अन्य दवाएं बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी दुकान स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही मेडिकल संचालकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने आनन फानन अपनी दुकानें बंद कर दीं।
बृहस्पतिवार को वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सुधीर कुमार और मीनाक्षी बिष्ट ने पुलिस टीम के साथ मेडिकल स्टोरों में औचक निरीक्षण किया। ममता मेडिकल स्टोर में एक्सरे मशीन मिली। इसके आलवा न्यू शिवम एवं देव मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था। इसके बाद टीम ने तीनों के ड्रग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की। टीम ने गुप्त सूचना पर एक परचून की दुकान में छापा मारा कर वहां से नशे के 455 कैप्सूल और अन्य दवाएं बरामद कीं। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सुधीर कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दुकान स्वामी अमित बंसल को गिरफ्तार कर लिया। एसआई जितेंद्र बिष्ट ने बताया आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
कुंडा में क्लीनिक पर जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।- फोटो : KASHIPUR