काशीपुर। पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा करते हुए मैकेनिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। बीते बुधवार को मोहल्ला शिवनगर निवासी राहुल शर्मा ने घर के बाहर से बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी अभय प्रताप सिंह के निर्देश पर कटोराताल पुलिस चौकी प्रभारी विपुल जोशी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी कैमरे के आधार पर टीम ने बाजपुर रोड से प्रदीप यादव निवासी मोहल्ला थाना साबिक को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक चोरी का चेसिस, तीन मोटरसाइकिल की टंकिया, मडगार्ड कवर बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरियां करता है। चोरी की बाइक वह मुरादाबाद व आसपास क्षेत्रों में बाइक को काटकर उसके पार्ट्स को बेच देता है। कोतवाली प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के 22 मुकदमे दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जयप्रकाश उर्फ सचिन निवासी हनुमान मंदिर के पास थाना मझोला, मुरादाबाद वारदात में उसका साथ देता है। जबकि सोनू मसीह निवासी फकीरपुर थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद चोरी की बाइकों का काटकर अलग-अलग हिस्से में बेचने का काम करता है। पुलिस ने प्रदीप यादव, जयप्रकाश व सोनू मसीह को गिरफ्तार कर लिया।