कनालीछीना(पिथौरागढ़)। विकासखंड के मितड़ा में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पिछले दिनों पंचायत चुनाव के दौरान 10 से 15 लोगों ने संबंधित पारिवारिक सदस्यों पर हमला कर दिया था। तीनों घायलों को इलाज के लिए हल्द्वानी जाना पड़ा।
सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि बीते 24 जुलाई को गुडौली निवासी जगदीश चंद्र पांडे ने कनालीछीना थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह 23 की रात को अपने मामा को घर छोड़ने मिताड़ा जा रहे थे। तभी रास्ते में 10 से 15 लोगों ने उनकी कार रोककर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में वह उनके साथ कार में सवार देवी दत्त पांडे, तनिष्क पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू हुई। विवेचना में कुछ आरोपियों का नाम सामने आया। इनमें से तीन आरोपियों सिरोली निवासी प्रवीण सिरोला, कंडाली निवासी हिमांशु दिगारी और सिरोली निवाी चांद भंडारी उर्फ चंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।