राधेहरि डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की नई तिथि को लेकर गहन मंत्रणा की गई। नई तिथि तो तय नहीं हुई, लेकिन हालात सामान्य होने पर ही चुनाव कराने का फैसला लिया गया। दरअसल दो छात्र गुटों में टकराव के चलते डीएम ने छात्र संघ चुनाव को स्थगित कर दिया था।
जिसके बाद जोर शोर से चल रहा दावेदारों का प्रचार भी ठंडा पड़ गया था। शनिवार को एसडीएम कार्यालय में छात्र संघ चुनाव की तिथि तय करने को लेकर बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव से पहले ही छात्र गुटों में संघर्ष से स्थिति तनाव पूर्ण हो गई है। जब तक हालात सामान्य नहीं होते, चुनाव कराना ठीक नहीं है।
काफी विचार विमर्श के बाद भी चुनाव की तिथि को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक चुनाव नहीं कराए जाएंगे। चुनाव की तिथि पर निर्णय लेने से पहले पुलिस की रिपोर्ट मंगाई जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ. अर्जुन सिंह सिराड़ी ने कहा कि कॉलेज प्रशासन लिंगदोह की रिपोर्ट के अनुसार चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीओ राजीव मोहन के मुताबिक जानकारी में आया है कि दोनों प्रत्याशियों ने कोर्ट में कोई रिट डाली है। एक दो दिन का इंतजार करने के बाद चुुनाव को लेकर फैसला लिया जाएगा। बैठक में चुनाव प्रभारी डॉ. मनोज उप्रेती, अध्यक्ष पद के दावेदार साहिल कपूर के प्रतिनिधि एडवोकेट अमरीश अग्रवाल, प्रोफेसर मधुकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।