रुद्रपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शिक्षा सत्र 2025-26 में 8016 सीटों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। दूसरे चरण में रिक्त 2604 सीटों के सापेक्ष महज 2063 सीटों के लिए ही लॉटरी निकाली जाएगी। दूसरे चरण के बाद भी कुल मिलाकर पूरी सीटें नहीं भर पाएंगी।
आरटीई में प्रवेश के लिए पहले चरण में कुल 823 स्कूलों ने रजिस्ट्रेशन किया था, जिसमें 793 पंजीकृत हुए थे। इसमें पिछले बार के अधिकतर निजी और कुछ नए स्कूल शामिल रहे। जिले में आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 7562 आवेदन किए गए थे। इसमें सत्यापन के बाद देहरादून में लॉटरी विधि से किए गए स्कूल आवंटन में 5897 बच्चों की लॉटरी लगी।
इससे रिक्त सीटों पर फिर आवेदन शुरू हो गए। इसमें 29 मई से आठ जून तक छात्रों की ओर से पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए गए। इसमें 808 स्कूलों ने आवेदन किया था। दूसरे चरण में कुल बची 2606 सीटों के लिए 2063 आवेदन सत्यापित किए गए हैं। ब्लाॅकों की ओर से सभी आवेदनों को सत्यापित कर दिया गया है। इसमें 618 निरस्त किए गए हैं। अब 26 जून को देहरादून में लॉटरी विधि से स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।