काशीपुर। मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए विभाग ने अभी तक कोई कारगर कदम नहीं उठाए हैं। इसका खामियाजा आने वाले मानसून सत्र के दौरान फिर से शहरवासियों के साथ ही ग्रामीणों को उठाना पड़ सकता है।
बीते वर्ष मानसून के दौरान क्षेत्र के हिम्मतपुर, केशवपुरम, श्यामपुरम, हेमपुर इस्माइल, मालवा फार्म व महादेव नहर से सटी कॉलोनी के अलावा लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में बहल्ला नदी की बाढ़ ने विकराल रूप धारण किया था। लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में कई मकान बाढ़ के चलते धराशायी हो गए थे। लक्ष्मीपुर पट्टी में लोगों ने बचाव के लिए पिचिंग की मांग की थी। वार्ड के अब्दुल कादिर ने बताया कि क्षेत्र में कुछ लोगों ने स्वयं के खर्चों पर पिचिंग कराई है। लक्ष्मीपुर पट्टी माइनर ने भी काफी नुकसान पहुंचाया था। बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुसने से काफी नुकसान हुआ था। तब प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भविष्य में ऐसी समस्या नहीं होने का भरोसा दिया था लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा सके हैं।
विभाग मानसून से पहले अपने नालों की सफाई करा देगा। जहां भी नाले क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें बनवा दिया जाएगा। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।- पुनीता रानी, एई, एनएच।