सितारगंज सुप्रिया कालोनी में वेस्टर्न कंपनी के डीजीएम अवकाश चौबे के घर चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। चोरों ने वेस्टर्न कंपनी के डीजीएम के घर से 4.20 लाख के जेवर और नकदी उड़ा ली। एचआर मैनेजर ने पुलिस को चोरी की तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को सुप्रिया कॉलोनी निवासी वेस्टर्न कंसोलिटिड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रोडक्शन डीजीएम अवकाश चौबे अपनी बेटी हर्षिता चौबे की दवाई लेने के लिए परिवार के साथ लखनऊ संजय गांधी पीजीआई गए थे। रात को चोरों ने उनके बंद घर के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर कमरा खंगाला। चोरों ने अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और 20 हजार की नकदी चुरा ली। सोमवार सुबह को पड़ोस में रहने वाले कंपनी के एचआर मैनेजर बसंत जोशी ने घर के ताले टूटे देखे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाने के बाद कमरे में बिखरा सामान देखा और डीजीएम अवकाश चौबे को सूचना दी। चौबे ने बताया कि कमरे की अलमारी में रखे करीब 4.20 लाख रुपये का माल पार किया है। इस पर एचआर मैनेजर जोशी ने पुलिस को चोरी की तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।