फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच दुकानों के ताले तोड़ की चोरी

Sun, 05 Jun 2016 11:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
टूटा शट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में चोर पुलिस पर भारी पड़ने लगे हैं। लगातार चोरियां कर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। दो दुकानों में चोरी का खुलासा किए पुलिस को अभी एक दिन ही हुआ था कि एक बार फिर चोरों ने एक ही रात में शहर की पांच दुकानों के शटर तोड़कर हजारों की नगदी और सामान चोरी कर लिया। एसएसपी ने स्वयं मौका मुआयना कर अधीनस्थों को खुलासे के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि पांचों दुुकानों से चोर एक लाख रुपये से अधिक का सामान ले गए हैं। 
विज्ञापन


काशीपुर बाईपास मार्ग पर सिंह कालोनी निवासी संजीव कुमार की कार जोन नाम से दुकान है। वहीं जाफरपुर निवासी शैलेंद्र मुटनेजी की भी सामने संजू कार केयर नाम से दुकान है। संजीव कुमार ने बताया कि आज सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो दुकान का शटर टूटा हुआ था। दुकान के अंदर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। 

उन्होंने बताया कि 18 हजार रुपये कीमत के दो डेक और गल्ले में रखी दस हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गये। वहीं संजू कार केयर के मालिक शैलेंद्र ने बताया कि जब वह दुकान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था जबकि दुकान के भीतर सारा सामान सुरक्षित था। पास ही स्थित दिल्ली कार शृंगार दुकान के शटर के ताले भी टूटे पाए गए। दुकान स्वामी अजय ने बताया कि चोरों ने दुकान में चोरी करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाये। 
विज्ञापन


इधर विधवानी मार्केट में चोरों ने स्मार्ट वॉच दुकान का शटर तोड़कर वहां से हजारों की नगदी चुरा ली। दुकान स्वामी मलिक कालोनी निवासी सतपाल गुंबर ने बताया कि चोर दुकान का शटर तोड़ गल्ले में रखी करीब 15 सौ रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। जबकि सामान सुरक्षित है। इतना ही नहीं पास ही स्थित विकास इंपोरियम दुकान का शटर भी चोरों ने तोड़ दिया। 

दुकान स्वामी आवास विकास निवासी विकास ढींगरा ने बताया कि चोर शटर तोड़कर दुकान से हजारों की नकदी और हजारों रुपये कीमत के कीमती कपड़े चोरी कर ले गए। वहीं सब्जी मंडी स्थित आदर्श किराना स्टोर के स्वामी रम्पुरा वार्ड सात निवासी भुवनेश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो शटर टूटा हुआ था। गल्ले में रखी करीब 21 हजार की नगदी चोर ले गए। 

मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, राजकुमार सीकरी, सूरज नारंग समेत कई व्यापारी नेता वहां पहुंच गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले, सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल राजन लाल आर्या, आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी एचएन जोशी, एसएसआई विनोद फर्त्याल पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थलों का निरीक्षण किया। फॉरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए। 

लगातार चोरी होना दुर्भाग्यपूर्ण : बेहड़
पांच दुकानों में हुई चोरी की सूचना पर पहुंचे पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने कहा कि काशीपुर बाईपास रोड पर जिन 2 दुकानों में चोरी हुई है उसके पास बाजार व आदर्श कालोनी की पुलिस चौकी है। चौकी की दूरी दोनों दुकानों से 100 मीटर दूर भी नहीं है। पुलिस चौकियां इतनी पास होने के बावजूद दोनों दुकानों के शटर तोड़ने का प्रयास किया गया यह पुलिस के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है। 

बेहड़ ने कहा कि पूर्व में भी रुद्रपुर शहर के अंदर घरों में घुस कर लूट और चोरी जैसी कई घटनाएं हुई हैं, उस समय पुलिस द्वारा यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि हरिद्वार में अर्धकुंभ के कारण पुलिस कम है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही चोरियों पर रोक नहीं लगाई गई तो उन्हें पुलिस के खिलाफ जनता के साथ सड़क पर उतरने को बाध्य होना पड़ेगा। इधर विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी घटनास्थलों पर पहुंचकर पुलिस को शीघ्र चोरियां खोलने को कहा।

तीन घंटे में चोर पास, पुलिस फेल
लगातार चोरियां पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा रही है। मई जून के दौरान अधिकतर दुकानें लगभग रात 11 बजे तक बंद होती हैं। इसके बाद भी करीब रात 12 बजे तक शहर में चहल पहल रहती है। वहीं अगले दिन सुबह चार बजे से दोबारा चहल पहल शुरू हो जाती है। यानी तीन घंटे में ही चोर चोरी कर पुलिस को मात दे रहे हैं। जबकि पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं कर पा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि चोर पुलिस से ज्यादा एक्टिव हैं।

सभी चोरियों में समानता, एक गिरोह का हाथ
रविवार को पांच दुकानों में हुई चोरी का अंदाज लगभग एक जैसा है। सभी दुकानों के शटर एक जैसे अंदाज में काटे गए हैं। इससे पहले ही हुई चोरियों में शटर के इसी तरह टूटने से अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी जगह चोरियां करने वाला एक ही गिरोह है। वहीं अंदेशा है कि इस गिरोह में करीब पांच से छह लोग हो सकते हैं। पुलिस इस घटना में यूपी के चोरों के गिरोह का होने का अनुमान लगा रहे हैं। 

जागरुकता अभियान के बाद भी नहीं जागे व्यापारी
पुलिस के जनजागरुकता अभियान चलाने के बाद भी व्यापारी व लोग जागरूक नहीं हुए है। बताया जाता है कि जितनी भी दुकानों के शटर टूटे हुए हैं उन शटरों में सेंटर लॉक नहीं लगे हुए थे और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए हैं। जिसके चलते पुलिस को चोरों को पकड़ने में दिक्कतें आ रही हैं। 

यदि दुकानों में कैमरे लगे होते तो शायद पुलिस को चोरों को पकड़ने में आसानी होती। एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले कहते हैं कि दुकानदारों को चाहिए कि वह दुकान में सेंटर लॉक जरूर लगाएं और दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी होने बहुत जरूरी हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें