प्रधानाध्यापक ने पुलिस को सौंपी तहरीर
काशीपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवराजपुर पट्टी में चोरों ने वर्चुअल लैब को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें रखा कंप्यूटर का सामान चोरी कर ले गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामप्रसाद ने पुलिस में तहरीर सौंपी। बताया कि तीन मई की रात को कुछ असामाजिक तत्वों ने लैब का ताला तोड़कर उसमें रखा कंप्यूटर का माउस, 50 मीटर तार, स्पीकर व तीन फाइलें चोरी कर ले गए। साथ ही लैब को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रधानाध्यापक ने बताया विद्यालय में स्वच्छक/चौकीदार का पद सृजित है। इसके बावजूद उसको अन्य विद्यालय में कार्ययोजित किया गया है। जहां उसका कोई पद ही नहीं है। कहा स्वच्छक/चौकीदार के नहीं होने से आए दिन विद्यालय में तोड़फोड़ होती रहती है, जबकि स्कूल पुलिस चौकी के नजदीक में है। उन्होंने बताया वह इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों से कह चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।