रुद्रपुर। कोविड कर्फ्यू में बंद पड़े बाजार का फायदा उठाकर चोरों ने इलेक्ट्रानिक सामान के गोदाम में घुसकर हाथ साफ कर दिया। चोर गोदाम से डेढ़ लाख के बिजली के उपकरण लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाली में दी तहरीर में राधिक विहार कल्याणी व्यू रुद्रपुर निवासी राजकुमार अरोरा ने बताया कि गुड़ मंडी गोल मार्केट में उनका इलेक्ट्रानिक सामान का गोदाम है। 21 मई को वह अपने गोदाम पर पहुंचे तो पिछली दीवार की खिड़की टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर गोदाम से पंखे, एमसीबी समेत करीब डेढ़ लाख के बिजली के उपकरण चुरा ले गए। सूचना पर पहुंचे प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कोविड कर्फ्यू के दौरान चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की। सीओ अमित कुमार ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान की जा रही है। जल्द चोरी के मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। वहां एसडीएम विशाल मिश्रा, अनिल रावत आदि थे।