बाजपुर। पंखे में लटक कर हुई युवक की मौत के मामले में परिजनों ने कोतवाली में पहुंचकर एसएसआई का घेराव करते हुए तहरीर सौंपी। मृतक के परिजनों ने पड़ोस के गांव निवासी एक किशोरी और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
26 अप्रैल को गांव केशोवाला निवासी 20 वर्षीय निखिल घर के बरामदे में पंखे से लटका मिला था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव निवासी एक किशोरी से निखिल का प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी के परिजनों ने निखिल पर जबरन शादी करने का दबाव भी बनाते हुए मारने की धमकी दी थी। इससे निखिल मानसिक तौर पर परेशान था। रविवार को घर में निखिल अकेला था। उसे पंखे में लटक कर जान दे दी। सोमवार को मृतक के परिजन ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मौजूद एसएसआई विक्रम सिंह धामी का घेराव कर तहरीर सौंपी। एसएसआई के अनुसार तहरीर प्राप्त हुई हैं।