ज्वैलरी की दुकान से कान के टाप्स चुराने वाली युवती बृहस्पतिवार देर शाम व्यापारियों के हत्थे चढ़ गई। युवती से चुराए गए टाप्स की बरामदगी के बाद व्यापारियों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
राजीव रस्तोगी की हरि मंदिर गली में अल्मोड़ा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। राजीव के अनुसार सप्ताह भर पूर्व मलिक कालोनी निवासी एक युवती उनकी दुकान पर आई और उनसे कान के टाप्स दिखाने को कहा। टाप्स दिखाने के दौरान युवती ने नजर बचाकर पांच ग्राम और दो ग्राम सोने के टाप्स अपने बैग में डाल लिए।
युवती के जाने के बाद राजीव को टाप्स चोरी करने का पता चला। इस पर उन्होंने अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी की मदद ली। फुटेज में युवती टाप्स चोरी करते दिखी। राजीव के अनुसार बृहस्पतिवार शाम को अपनी दुकान में बैठे थे कि इसी दौरान टाप्स चोरी करने वाली युवती उनकी दुकान में आई और अंगूठी दिखाने को कहा।
राजीव ने युवती को पहचान लिया और आसपास के व्यापारियों की मदद से युवती को पकड़ लिया। इसके बाद बाजार चौकी पुलिस के आने के बाद पूछताछ में युवती ने कबूल लिया कि उसने टाप्स चुराए थे। कुछ और भी चोरी के इरादे से आई थी। बाद में हंगामा होने पर युवती की मां को मौके पर बुलाया गया। इस पर मां द्वारा चोरी के टाप्स ज्वैलर्स को लौटाने पर मामला रफा-दफा कर दिया।