दरऊ गांव में दो पक्षों के बीच जमकर खून खराबा हुआ। इसमें आठ लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को रेफर किया गया है। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
दरऊ गांव की एक युवती कुछ दिन पूर्व बिलासपुर निवासी एक युवक के साथ घर छोड़ के चली गई थी। परिजनों ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई तो युवती खुद और प्रेमी के बालिग होने के सुबूत समेत कोतवाली पहुंची। पुलिस ने युवती को एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया और मामला निपट गया था। बताया गया कि युवती ने अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। इधर, मामले को लेकर युवती के परिजनों और गांव में रहने वाले युवक के कुछ रिश्तेदारों में रंजिश हो गई थी और खूब बवाल हुआ था। शुक्रवार को सैजनां गांव के मोड़ के पास दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष हुआ।
आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी हुई। मारपीट में एक पक्ष के पूरन लाल, सोहन लाल, दिनेश चंद और दूसरे पक्ष के रामदयाल, राजपाल, प्यारे लाल, बेचेलाल, डालचंद घायल हो गये। दो पक्षों में टकराव की सूचना पर कोतवाल योगेश उपाध्याय मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। बताया कि गांव में ऐहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इधर, डॉक्टरों के अनुसार पूरन लाल, सोहन लाल, दिनेश चंद, रामदयाल, राजपाल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कार से टक्कर मारी और फिर जमकर पीटा
किच्छा। मारपीट की घटना के बाद सोहन लाल ने पुलिस को बताया कि सुबह 11 बजे उनका पुत्र पूरन, पोता दिनेश और बबलू बाइकों से किच्छा जा रहे थे। इसी बीच एक कार संख्या डीएल9सी 4388 ने उन्हें टक्कर मार दी। उसके बाद कार सवार रामदयाल, सोमपाल, डालचंद, बृज लाल, राम स्वरूप, राकेश और रोशन लाल आदि ने उनकी जमकर पिटाई की। बताया कि हमलावरों के पास पौनिया बंदूक व कारतूस थे। फायरिंग भी की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।