पहाड़गंज में दो परिवारों के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर चल रही पंचायत के दौरान दोनों तरफ से विवाद के बाद धारदार हथियार और लात-घूसे चलने लगे। इससे पंचायत में भगदड़ मच गई। मारपीट में वृद्ध समेत कई लोग चोटिल हो गए। बाद में दोनो पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पंहुचे।
पहाड़गंज निवासी दो भाई अफसर अली और मोहम्मद हनीफ के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को दोनो पक्षों का विवाद निपटाने के लिये कालोनी के ही एक घर पर पंचायत बुलाई गई। बताया जाता है कि पंचायत के दौरान दोनो तरफ से गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते पंचायत में धारदार हथियार और लात-घूसे चलने शुरू हो गये।
एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के वृद्ध को गिराकर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया, जिसमें अफसर अली चोटिल हो गया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक लोगों की भीड़ कोतवाली जा पहुंची। अफसर अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मारपीट में उसकी जेब से 20 हजार रुपये निकाल लिए।
उधर दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि दोनों परिवारो का मामला पारिवारिक है। विवाद किस कारण हुआ उसकी जांच कराई जायेगी। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।