रुद्रपुर। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री श्रेष्ठता पुरस्कार के लिए आई भारत सरकार की टीम ने आवेदन में दर्शाए गए बिंदुओं का सत्यापन किया और योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों से वार्ता कर जमीनी हकीकत को परखा।
मंगलवार को भारत सरकार से आए निदेशक राजस्व मनीष कुमार सहाय और निदेशक विद्यालयी शिक्षा और साक्षरता उमेश प्रताप सिंह का आकांक्षी ब्लाॅक गदरपुर में स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों ने स्वागत किया। टीम ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न मानकों और योजनाओं की जानकारी ली।
टीम ने मसाला ग्रोथ सेंटर, ग्राम पंचायत सरोवर नगर में जल जीवन मिशन की टंकी, पंचायत घर, मनरेगा योजना से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई कार्यक्रम, प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी से फीड बैक लिया। इसके बाद ग्राम बलराम नगर में जन आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया और दूरभाष से पंजीकृत लाभार्थी से लाभ मिलने की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत खटोला में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, एनआरएलएम की महिला सदस्यों से सरकारी योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली। ग्राम पंचायत चंदन नगर में मनरेगा योजनांतर्गत निर्मित रजाई ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में सीडीओ मनीष कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, बीडीओ अतिया परवेज, सीएचओ प्रभाकर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना, डॉ. संजीव सरना आदि रहे।