बाजपुर। ग्रामीण क्षेत्र में गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ता परेशान हैं। समाजसेवी अशोक पंत ने एक निजी गैस एजेंसी पर गैस वितरण में धांधली का आरोप लगाया है। ग्राम हरसान प्रधान उर्मिला पंत के पति व समाजसेवी अशोक ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने बीती 25 फरवरी को गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। इसके बाद 27 फरवरी को उपभोक्ता के मोबाइल पर मैसेज आया कि सिलिंडर डिलीवर कर दिया गया है। उपभोक्ता के खाते में 15.64 रुपये की सब्सिडी भी जमा हो गई लेकिन उपभोक्ता को सिलिंडर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव हरसान में मुख्य चौक पर संबंधित गैस वितरण करने के लिए निजी एजेंसी की गाड़ी पहुंची। गैस वितरण कर रहे कर्मचारियों ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा को शिकायत की है। उन्होंने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर एजेंसी कार्यालय पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संवाद