काशीपुर स्टेडियम-गुरुद्वारा मिनी बाईपास पर पॉलीटेक्निक के पास तीव्र मोड़। संवाद
काशीपुर। शहर के मुख्य चौराहे पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए बना मिनी बाईपास अब डेंजर जोन बनने लगा है। तीव्र मोड़ और स्पीड ब्रेकर होने से यहां पर हादसे बढ़ रहे हैं। वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है।
करीब दस साल हले स्टेडियम-गुरुद्वारा मिनी बाईपास बनाया गया था। इस मार्ग पर स्टेडियम से नया ढेला पुल तक सात ऐसे तीव्र मोड़ हैं, जहां हादसा होने का सर्वाधिक खतरा रहता है। मानपुर रोड निवासी अनुज प्रजापति, विशाल गोस्वामी, विकराल शर्मा, राजेश पाल आदि ने बताया कि कई बार बड़े गुरुद्वारा के पास हादसे हो चुके हैं। एक कार चालक के तीव्र मोड़ पर नियंत्रण खोने से वाहन सड़क किनारे खेत में घुस गया था। पांच महीने पहले एक ट्रक पलट गया था। बीते शुक्रवार की घटना में आकाश पाल नामक युवक की मौत भी इसी का परिणाम है। गेबिया नाला की पुलिया के पास तीव्र मोड़ होने के कारण सामने से आने वाला वाहन दिखता नहीं है। जिससे हादसा होने की आशंका अधिक रहती है।
कोट
स्टेडियम-गुरुद्वारा मिनी बाईपास पर जल्दी ही सुरक्षात्मक चिह्न लगाए जाएंगे। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
- नीरज कुमार, यातायात प्रभारी
कोट
स्टेडियम-गुरुद्वारा मिनी बाईपास छोटे-वड़े वाहनों की आवाजाही से अब डेंजर जोन बनने लगा है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्दी ही इस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करके ब्लैक जोन को चिह्नित करके वहां सुरक्षात्मक उपाय करें जाएंगे। - परवेज आलम, एई, लोनिवि