गदरपुर/दिनेशपुर। तहसील गदरपुर क्षेत्र में बिना अनुमति लगाई गई ग्रीष्मकालीन धान की पौध को प्रशासन की टीम ने नष्ट कर दिया।
मंगलवार को डीएम और सीडीओ के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम तहसील क्षेत्र के ग्राम चंदन नगर और बरी राई पहुंची। टीम ने चंदननगर के खसरा संख्या 426 में लगभग 0.085 हेक्टेयर और ग्राम बरीराई के खसरा संख्या 0035 में लगभग 0.202 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुमति बोई गई ग्रीष्मकालीन धान की पौध को नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ किसानों ने विरोध भी जताया, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें ग्रीष्मकालीन धान की खेती के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेने की जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि यदि खेत में अन्य किसी फसल का विकल्प उपलब्ध न हो तो अनुमति प्राप्त करने के बाद ही ग्रीष्मकालीन धान का रोपण किया जा सकता है। इस दौरान राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार, भगत सिंह, राजस्व उप निरीक्षक सरताज अली, नरेंद्र कुमार और हेमा मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।