नेपाल में आए भूकंप के झटके तराई में भी महसूस हुए। करीब 20-25 मिनट के अंतराल में दो भूकंप के झटके लगने से लोगों में हड़कंप मच गया। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों, कार्यालय, स्कूल और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि तराई में भूकंप के झटकों से कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लोगों में खौफ पैदा कर गया। शनिवार की सुबह नेपाल में भूकंप आया। नेपाल में आए भूकंप के बाद सुबह करीब 11:44 मिनट में तराई में भी भूकंप का पहला झटका महसूस किया गया। इसके बाद 20-25 मिनट बाद भूकंप का दूसरा झटका भी आया। भूकंप के झटकों से घरों, कार्यालयों में रखे गए बर्तन और अन्य सामान हिलने लगे। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोग अपने घरों, कार्यालय, स्कूलों और दुकानों से बाहर निकलकर परिसर और सड़कों पर आ गए। साथ ही अपने नाते-रिश्तेदार और परिचितों को फोन कर भूकंप के झटकों के बारे में बताने लगे।इधर भूकंप के बाद कई स्कूलों और कालेजों में भी छुट्टी कर दी गई। पंत विवि के मौसम वैज्ञानिक डा.एचएस कुशवाहा ने बताया कि पहला भूकंप का झटका करीब 20 से 25 सेकंड तक और दूसरा 15 सेकंड तक रहा। बताया कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता करीब 3.50 माफी गई।