एक्सपायरी से पहले ही एक ब्रेड में फफूंद निकल गया। इसे खाकर वार्ड संख्या 20 के पार्षद धीरेंद्र भट्ट को उल्टी दस्त की शिकायत हो गई। जिस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम व नगर स्वास्थ्य अधिकारी से की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अटरिया मार्ग स्थित दुकानों पर छापेमारी की। शुक्रवार की रात पार्षद धीरेंद्र भट्ट ने आवास विकास क्षेत्र की दुकान से मिस्टर पेपर कंपनी का ब्रेड लिया। जिसकी एक्सपायरी डेट अभी दो दिन तक बची हुई थी। पार्षद ने घर जाकर ब्रेड खाया। इसके कुछ देर बाद उसे उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। उसे परिवार वाले निजी अस्पताल ले गए। जहां से इलाज के बाद पार्षद ने मामले की जानकारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अविनाश खन्ना को दी। शनिवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. खन्ना व खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. नंद किशोर ने अटरिया मार्ग स्थित दो दुकानों पर छापेमारी की। डाक्टरों ने ब्रेड नष्ट कर दिया। डा. खन्ना ने बताया कि दुकानों पर नमूने लेने के लिए पर्याप्त मात्रा में ब्रेड नहीं था। इस कारण नष्ट कर दिया गया। इधर, उन्होंने बताया कि ब्रेड कंपनी के पते पर नोटिस जारी की किया जा रहा है। इधर, पार्षद भट्ट ने मामले की शिकायत डीएम डा. पंकज कुमार पांडेय से भी की है।