काशीपुर। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में भीड़ अधिक होने से स्टेशन पर यात्रियों के छूटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यात्री जनरल बोगी जोड़ने के बाद ही समस्या का समाधान होने की बात कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन भी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। करीब एक दशक से रामनगर से दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 25036 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस संचालित हो रही है। इसमें छह आरक्षित बोगी हैं लेकिन अनारक्षित बोगी नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनरल बोगी नहीं होने के बावजूद स्टेशनों से अनारक्षित टिकट बेचे जा रहे हैं। यात्री जनरल टिकट लेकर आरक्षित बोगियों में बैठ जाते हैं। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ यात्री ट्रेन में बैठने के बजाए स्टेशन पर छूट जाते हैं।
कुंडा क्षेत्र के एक परिवार ने नाम नहीं छापने पर बताया कि वह वैष्णो देवी जा रहे हैं। संपर्क क्रांति ट्रेन से मुरादाबाद तक जा रहे थे लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वह ट्रेन में नहीं बैठ सके हैं। उनके टिकट की धनराशि भी वापस नहीं मिली है। बस में सवार होकर मुरादाबाद जाना पड़ा। उनके अलावा कई यात्रियों को भी बस का सहारा लेना पड़ा। रेलवे को इस ट्रेन में जनरल बोगी जोड़ने चाहिए या टिकट बांटने बंद करने चाहिए।
रामनगर-दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति ट्रेन में जनरल बोगी नहीं है। बोगी जोड़ने के अभी कोई निर्देश भी नहीं आए हैं। काउंटर से जनरल टिकट बांटे जाने की शिकायत रेल मदद एप पर कर सकते हैं। I
I-राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर मंडल पूर्वोत्तर रेलवे।I