गदरपुर। गदरपुर बाईपास पर अंधेरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं और असुविधा से जनता और वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने वाली है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुंजन सुखीजा ने मंगलवार को सांसद अजय भट्ट को पत्र भेजकर गदरपुर बाईपास पर प्रकाश की व्यवस्था न होने से हो रही परेशानियों से अवगत कराया था। इस पर सांसद भट्ट ने एनएचएआई को आवश्यक निर्देश दिए।
मंगलवार को ही सुखीजा एनएचएआई की रुद्रपुर इकाई पहुंचकर पीडी आंचल जिंदल से मिले। आंचल जिंदल ने लोनिवि बाजपुर को आईआरसी मानकों के अनुसार एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। काशीपुर-सितारगंज मार्ग पर लाइटें हैं लेकिन 8.4 किमी लंबे गदरपुर बाईपास पर यह व्यवस्था नहीं है।
सुखीजा ने कहा कि लाइट लगने से रात में दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन सुरक्षित होगा। एस्टीमेट के बाद लाइट लगाने का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उनके साथ सभासद परमजीत सिंह पम्मा भी साथ थे। संवाद