फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री को आंदोलनकारी किसान देशद्रोही नजर आते हैं : सांसद मान

विज्ञापन
रुद्रपुर में किसान न्याय यात्रा को संबोधित करते सांसद भगवंत मान। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
काशीपुर/जसपुर/बाजपुर। किसान न्याय यात्रा के साथ काशीपुर पहुंचे पंजाब, संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने कहा कि देश का किसान देश हित के लिए कृषि कानूनों के खिलाफ जंग लड़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वही किसान देशद्रोही नजर आते हैं। मोदी किसानों से मिलने कच्छ जाते हैं और उनके घर के पास जो किसान अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं, उनसे मोदी ने मुंह फेर रखा है। भाजपा किसान विरोधी होने का सबूत दे रही है। आम आदमी पार्टी हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है।
विज्ञापन

कृषि कानूनों के विरोध और किसानों का समर्थन जुटाने के लिए आप सांसद भगवंत मान ने मंगलवार को जसपुर से अपनी किसान न्याय यात्रा का शुभारंभ किया। उनकी यात्रा जसपुर के बाद काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर होते हुए देर शाम को रुद्रपुर पहुंची। काशीपुर में पत्रकार वार्ता में सांसद मान ने कहा कि किसान एक महीने से बॉर्डर पर बैठे हैं।
देश के पूंजीपतियों के मन की बात समझने वाले पीएम मोदी किसानों के मन की बात नहीं समझ पा रहे हैं। मोदी जिस कानून को किसानों के लिए फायदेमंद बता रहे हैं, उन्हीं कानूनों को किसान खुद के लिए नुकसानदायक बता रहे हैं। फिर क्यों सरकार इन कानूनों को रद्द नहीं कर रही है। सरकार की मंशा इस कानून से पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और किसान को लाचार बनाने की है। उत्तराखंड और पंजाब में आज भी किसानों को चीनी मिलों से भुगतान का इंतजार है। कई जगह चीनी मिलें बंद हो गई है।
विज्ञापन

सांसद मान ने कहा कि आप की सरकार बनी तो गन्ना किसानों के एक-एक रुपये का भुगतान करने के साथ ही बंद पड़ी मिलों को भी शुरू कराया जाएगा। इससे पूर्व सांसद मान सुबह नौ बजे नादेही के रायपुर गांव पहुंचे। कार से उतरकर मान ने जमीन को चूमकर कहा कि यह महान शहीद उधम सिंह के जिले की माटी है। काशीपुर मंडी में मान कार और ट्रैक्टरों के काफिले के साथ पहुंचे।
यात्रा संयोजक दीपक बाली, अजय अग्रवाल, मनोज कौशिक, समीर चतुर्वेदी, अमिताभ सक्सेना ने मान का स्वागत किया। मंडी में मान ने विशाल जनसभा को संबोधित कर कृषि कानूनों से किसानों को होने वाले नुकसान और कानूनों से मौजूदा भाजपा सरकार को होने वाले फायदे के बारे में बताया। सभा आप कार्यकर्ताओं के साथ ही भारी संख्या में किसान, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। वहां प्रदेश प्रवक्ता मयंक शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित रावत, अमन बाली, आप महिला मोर्चा की विधानसभा प्रभारी ममता शर्मा, विक्की सौदा, मलकीत सिंह, संजीव आनंद आदि थे।
उधर, बाजपुर में मंडी समिति परिसर में आयोजित सभा में सांसद मान ने कहा कि उनकी पार्टी तीनों कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन का पूरा समर्थन करती है। राजनीति से अलग हटकर किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी किसानों केे साथ हमेशा खड़ी रहेगी। मान ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि कमल कीचड़ में उगता है और कीचड़ को झाड़ू से ही साफ किया जाता है।
मान ने कहा कि बाजपुर के बीस गांव की भूमि की खरीद फरोख्त पर रोक लगाई गई है, जिससे क्षेत्र का किसान परेशान है। इसके खिलाफ पुरजोर तरीके से आवाज उठाई जाएगी। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने सांसद मान का फूलमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम को प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश सह प्रभारी राजीव चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष एसएस कलेर, प्रदेश उपाध्यक्ष एसपीएस रावत, किसान न्याय यात्रा संयोजक दीपक बाली और अजय अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
वहां सुरेंद्र कांबोज, संतोष आर्य, रश्मि दिवाकर, सुरेश आर्य, दिवान राम आर्य, रवि कुमार, अरुण शर्मा, बलजिंदर सिंह, सूरज पाल, शिशुपाल रावत, जीवन सिंह, रणजीत कोरंगा, धनराज भारती, मोहम्मद आरिफ, मुन्ना पंत, मंयक शर्मा, मुख्तार सिंह, राजकुमार शर्मा आदि थे। संवाद
प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप : सांसद मान
जसपुर। उत्तराखंड बॉर्डर से मंगलवार को किसान यात्रा की शुरुआत करने वाले आप के सांसद भगवंत मान नादेही, महुआडाबरा, गांधी पार्क, ठाकुर मंदिर, कोतवाली रोड होते हुए जसपुर पहुंचे। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कृषि कानून वापस न लेने के कारण ही आप को किसान न्याय यात्रा शुरू करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि तीनों कानूनों के वापस लिए जाने तक आप किसानों के साथ आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी। एक सवाल के जवाब में सांसद मान ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आप प्रदेश की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहां अजय अग्रवाल, दिनेश मोहनिया, दीपक बाली, अवतार सिंह, सूबा सिंह, राजीव कुमार, नरेश सागर, श्वेतांग अग्रवाल आदि मौजूद रहे। (संवाद)
पंजाब, पंजाबी और किसान का कनेक्शन जोड़, आप को किसानों का हमदर्द बता गए भगवंत मान
काशीपुर। कृषि कानून के विरोध में किसान न्याय यात्रा के साथ काशीपुर पहुंचे आप के सांसद भगवंत मान ने किसानों की सभा में पंजाब, पंजाबी और किसान का कनेक्शन जोड़कर आप पार्टी को किसानों का हमदर्द बताया। मान सभा स्थल तक ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे और सभा को हिंदी के साथ पंजाबी में संबोधन किया। कृषि कानूनों को लेकर मान ने मोदी सरकार को किसान विरोधी कहा और आप को किसानों के आंदोलन में उनके साथ बताया।
संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने कुछ दिन पहले संसद में पीएम मोदी के सामने कृषि कानूनों का विरोध किया था। इधर, आम आदमी पार्टी भी पूरे देश में किसानों के आंदोलन का समर्थन कर खुद को किसानों का हमदर्द बताने की कोशिश कर रही है। किसानों के करीब पहुंचने के लिए आप ने मंगलवार को किसान न्याय यात्रा निकाली और यात्रा की कमान सांसद मान के हाथों में सौंपी।
मान आप के सांसद होने के साथ ही पंजाबी किसान भी हैं। सभा में भी मान ने पंजाब, पंजाबी और किसान का कनेक्शन जोड़कर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार खेती को बेच रही है और आप की दिल्ली सरकार बार्डर पर आंदोलनरत किसानों को चद्दर से लंगर तक उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम के दौरान आप नेता दीपक बाली की जेब कटी
काशीपुर। किसान न्याय यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। इसी दौरान आप नेता दीपक बाली की जेब काटकर किसी ने उनका बटुआ पार कर लिया। हालांकि कार्यकर्ता बटुए के कहीं गिरने की बात भी कह रहे थे। ब्यूरो
हेलीकॉप्टर से नहीं दिखती, गरीब के चूल्हे की आग जली है या बुझी
काशीपुर। अपनी सभाओं में अकसर शायरी के जरिये अपनी बात रखने वाले सांसद भगवंत मान ने यहां भी शायरी में कई बातें कहीं। सभा के दौरान एक हेलीकॉप्टर के आसमान में दिखने पर मान ने कहा कि भाजपा भी खेती उनको देना चाह रही है, जिन्होंने भाजपा को हेलीकॉप्टर दिए। शायरी के अंदाज में सांसद मान ने कहा कि ‘हेलीकॉप्टर से नहीं दिखती, गरीब के चूल्हे की आग जली है या बुझी, इसे देखने के लिए नीचे उतर आओ वरना लोग उतार देंगे।’ ब्यूरो
जो कौम शेरों से लड़ सकती वह सरकार से भी लड़ सकती है : मान
रुद्रपुर। जो कौम शेरों से लड़ सकती है, वह सरकार से भी लड़ सकती है। मैं झूठे जुमले करने नहीं किसानों का समर्थन जुटाने के लिए ऊधमसिंह नगर आया हूं। जिसने धरती का एक एक दाना, पानी पीया है वह किसान आंदोलन का समर्थन करें। मंगलवार को सांसद भगवंत मान ने किसान न्याय यात्रा के तहत रुद्रपुर में देर शाम को एक बरात घर में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार को काला कानून वापस लेना ही पड़ेगा।
सांसद मान ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद को चाय बेचने वाला कहते हैं, उन्होंने जो चाय बेची होगी, उसे बनाने का सामान भी किसानों के खेतों से ही आया होगा। जो सरकार आधी रात को जीएसटी के नियम बदल सकती है, वह दिन में किसान कानून को वापस क्यों नहीं कर सकती है। मैंने संसद में प्रधानमंत्री से कृषि कानून को वापस करने को कहा था तो उन्होंने मुझे सस्पेंड करने की धमकी दे दी थी।
मान ने कहा कि कृषि कानून वापस करने के लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा तो वह तैयार हैं। इससे पूर्व सांसद ने गदरपुर और दिनेशपुर क्षेत्र में आप कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात की। वहां संगम विहार दिल्ली के आप विधायक और प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, सह प्रभारी राजीव चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिशुपाल रावत, दीपक बाली, हरजिंदर सिंह खेड़ा, असगर रजा, वीके शर्मा, मुकीम कुरैशी, कपिल सिन्हा, धर्मवीर आदि थे।

जसपुर में सांसद मान का स्वागत करते पार्टी कार्यकर्ता।- फोटो : KASHIPUR

काशीपुर में ट्रैक्टर चलाकर सभा स्थल की ओर जाते सांसद भगवंत मान।- फोटो : KASHIPUR

काशीपुर में सांसद मान को सुनने के लिए उमड़ी भीड़।- फोटो : KASHIPUR

बाजपुर मंडी समिति परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते पंजाब सांसद भगवंत सिंह मान।- फोटो : BAZPUR

बाजपुर किसान बेटियों को समर्थन देते सांसद भगवंत सिंह मान- फोटो : BAZPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें