काशीपुर। जिले में बड़े पैमाने पर रोजगार की राह आसान होने वाली है। काशीपुर, बाजपुर और जसपुर में अब तक अलग-अलग सेक्टरों की 83 उद्योग रजिस्टर्ड हो चुके है जिसमें से कुछ का संचालन भी शुरू हो गया है। ऐसे में करीब 10 हजार लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद जगी है।
ऊधमसिंह नगर में सिडकुल की जमीन पर बड़े स्तर पर इंडस्ट्री स्थापित की जा रही हैं। इसी क्रम में काशीपुर के एरोमा पार्क में 25, एस्कॉर्ट फार्म में 08 और ईएमसी पार्क में 14 उद्योग रजिस्टर्ड हुए हैं।
बाजपुर में कुल 32 उद्योग रजिस्टर्ड हुए हैं। जसपुर के टेक्सटाइल पार्क में भी चार उद्योपतियों ने भूमि रजिस्ट्रेशन कराया है। ऐसे में कुल 83 उद्योग काशीपुर, बाजपुर और जसपुर में स्थापित होने वाले हैं।
बता दें कि एस्कॉर्ट फार्म में हिमालयन वाइन प्राइवेट लिमिटेड, टेक्सास ब्रेवरीज एंड बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड, श्री बांके बिहारी फूड, विसेंट बायो साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड, जय अरावली स्पेशलिटी केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, कालका पॉलिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड, एल्डे एक्सप्रेशन लाइफ साइंसेज मेडिकल, जेडीएसपी डिसलरीज एंड ब्रेवरीज ने भूमि रजिस्ट्रेशन कराया है।
जबकि हिमालयन वाइन प्राइवेट लिमिटेड ने प्लांट का संचालन भी शुरू कर दिया है।
टेक्सास का प्रोडक्शन भी जल्द शुरू होने वाला है। वहीं, जय अरावली और एल्डे एक्सप्रेशन का कंस्ट्रक्शन शुरू हो गया।