काशीपुर। रात काटने के लिए रुका एक युवक डेंटल लैब चलाने वाले व्यक्ति की मोटर साइकिल ले उड़ा। अगले दिन चेकिंग के दौरान कुंडा थाना पुलिस ने आरोपी को मोटर साइकिल समेत धर दबोचा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया है।
टांडा बादली, रामपुर निवासी उस्मान पिछले छह साल से मुरादाबाद रोड पर डेंटल लैब चलाता है। उसने अपने परिचित शरीफ अहमद की मोटरसाइकिल अपने पास रखी हुई है। बीती आठ अगस्त को मोटरसाइकिल उसकी दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया। उसने खुद को एक ट्रक पर क्लीनर बताते हुए कहा कि उसका नाम प्रियांशु है। वह जनपद मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के ग्राम रतुपुरा का निवासी है। रात ज्यादा होने के कारण उसे घर जाने के लिए कोई आटो नहीं मिल रहा है।
युवक ने कहा सुबह आटो मिलने पर वह घर चला जाएगा। इस पर लैब स्वामी ने उसे कुर्सी देकर अपनी दुकान में बैठा दिया और अपने काम में लग गया। इसी दौरान वह दुकान की टेबल पर रखी चाबी उठाकर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर वहां से भाग खड़ा हुआ। मंगलवार को वह मोटर साइकिल लेकर जसपुर रोड पर जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने प्रियांशु को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। संवाद