रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में नीट परीक्षा पंतनगर विश्वविद्यालय समेत पांच केंद्रों पर होगी। 21 जून (रविवार) को होने वाली परीक्षा के लिए 2528 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण किया है।
परीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने जिला सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों के साथ बैठक की। परीक्षा को शांतिपूर्ण व पारदर्शिता से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में परीक्षा प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय नया भवन पंतनगर, प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पुराना भवन पंतनगर, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर व पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएनझा राजकीय इंटर काॅलेज रुद्रपुर में होगी। निर्धारित समय पर अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में प्रश्नपत्र रखे व खोले जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाकर चेकिंग होगी। कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी कर्मचारी के पास मोबाइल न हो। परीक्षार्थी केंद्र के अंदर मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी या किसी भी अन्य प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल गैजेट लेकर नहीं जा सकेंगे। बैठक में एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय रुद्रपुर कंचन जोशी आदि मौजूद रहे।