रुद्रपुर। पंडित जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले ओपीडी पर्चों में बदलाव कर दिया गया है। कई सालों से जिला चिकित्सालय के नाम से जारी हो रहे पर्चे अब बंद कर दिए गए हैं। वहीं उनकी जगह पंडित राम सुमेर शुक्ला स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज के नाम से नए पर्चे जारी किए जा रहे हैं। सोमवार से यह नई व्यवस्था प्रभावी हो गई, जिसके बाद अस्पताल आने वाले मरीजों को बदले हुए प्रारूप के पर्चे मिलने लगे हैं।
हाल ही में जिला अस्पताल को औपचारिक रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन कर दिया गया था। इसके बाद से ही अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था, सॉफ्टवेयर प्रणाली और दस्तावेजों में चरणबद्ध परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है। नए पर्चों पर मेडिकल कॉलेज का पूरा नाम, विभाग और डिजिटल पंजीकरण संख्या अंकित की जा रही है, जबकि पहले केवल जिला अस्पताल का नाम और सामान्य विवरण दर्ज होता था।
अस्पताल में आने वाले कई मरीजों और तीमारदारों ने पर्चे में हुए इस बदलाव पर आश्चर्य जताया। वहीं कुछ लोगों ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं के एकीकरण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज के अधीन आने के बाद सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं का एकीकरण किया जा रहा है। ओपीडी पर्चे में नाम परिवर्तन उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। इससे मरीजों की सेवाओं में कोई कटौती नहीं होगी, बल्कि मेडिकल कॉलेज से सीधा जुड़ाव होने के कारण विशेषज्ञ सेवाएं और संसाधन और मजबूत होंगे।
-डॉ. जीएस तितियाल, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज