जसपुर में सांकेतिक धरना देते विधायक व अन्य।
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर किसानों को फसलों का लंबित भुगतान शीघ्र करने की मांग की।
बृहस्पतिवार को विधायक आदेश चौहान ने नायब तहसीलदार सुरेश कुमार को दिए ज्ञापन में कहा कि सरकार ने किसानों के धान के मूल्य का भुगतान तीन माह बाद भी नहीं किया। इसी तरह गन्ना मूल्य का भुगतान एक साल बाद भी नहीं किया, जबकि किसानों का बीते पेराई सत्र का 7.41 करोड़ रुपया सहकारी चीनी मिल नादेही पर बकाया है।
प्रदेश की अन्य चीनी मिलों पर भी किसानों का भुगतान बकाया है। किसानों को बैंक से लिए गए कर्ज पर ब्याज चुकाना पड़ रहा है, जबकि सरकार किसानों का रुपया दबा कर बैठी है। इस पर किसानों को कोई ब्याज नहीं मिल रहा।
उन्होंने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए बर्खास्त करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि कुमार, महेंद्र सिंह, जाकिर हुसैन, मो. आरिफ, जैनेंद्र पाल जोशी, नईम अहमद, गजेंद्र चौहान, आफताब अंसारी, कौशल गिरी, मुकेश प्रधान, निर्मल सिंह, मो. हनीफ आदि शामिल थे।