करवाचौथ से एक दिन पहले रुद्रपुर के मुख्य बाजार में खूब रौनक देखने को मिली। सुबह से ही बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ रही। डीडी चौक, इंदिरा चौक, ट्रांजिट कैंप रोड और काशीपुर रोड की दुकानें पूरी तरह सजी दिखीं। हर तरफ लाल, मैरून और रानी पिंक रंग की साड़ियों और शृंगार की चमक दिखी। सबसे ज्यादा भीड़ चूड़ी और शृंगार की दुकानों पर रही। मेहंदी स्टॉल और पार्लरों में सुबह से ही लाइन लगी रही।
मुख्य बाजार के कॉस्मेटिक दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि इस बार डीप रेड और वाइन शेड की लिपस्टिक, लिक्विड सिंदूर, वैलवेट बिंदी और वाटरप्रूफ काजल की सबसे ज्यादा मांग है। इसके अलावा लाल चूड़ा, लाख की चूड़ियां, मंगलसूत्र, पायल और बिछिया खूब बिक रहे हैं। पूजा के सामान की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ रही।
कॉस्मेटिक दुकानदार अंकुश ने बताया कि मिट्टी और पीतल के करवे, छलनी, सजी हुई पूजा की थाली, करवा माता की फोटो और थाली डेकोरेशन के लिए गोटा, लेस और फूलों की खूब बिक्री हो रही है। त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। इधर, महिलाओं का कहना है कि करवाचौथ सुहाग का सबसे बड़ा त्योहार है इसलिए सजने-संवरने में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। भीड़ इतनी ज्यादा है कि मुख्य बाजार में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस और नगर निगम की टीम भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही।
पतियों की दीर्घायु के लिए आज निर्जला व्रत रखेंगी महिलाएं
सुहागिनें आज (बृहस्पतिवार) को अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए करवाचौथ का निर्जला व्रत रखेंगी। सुबह से ही सोलह शृंगार कर व्रत की तैयारी शुरू हो जाएगी। शाम को चांद निकलने के बाद छलनी से पति का चेहरा देखकर व्रत खोला जाएगा। बाजार में बुधवार देर रात तक मेहंदी और शृंगार की दुकानों पर रौनक रही। पार्लरों में मेहंदी लगवाने वाली महिलाओं की भीड़ लगी रही। आज सुबह मंदिरों और घरों में करवा माता की कथा सुनने के लिए महिलाओं की टोलियां जुटेंगी। व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। ब्यूरो
महिलाओं का कहना करवाचौथ सिर्फ व्रत नहीं पति-पत्नी के विश्वास का त्योहार है। साल भर इस दिन का इंतजार रहता है। आज निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी उम्र की कामना करूंगी। - सुनीता शर्मा, आवास विकास
सुबह चार बजे सरगी खाने के बाद रात में चांद का इंतजार रहेगा। सास ने पहली सरगी दी है, यह हमारे लिए सबसे भावुक पल है। - रिंकी अरोड़ा, मुख्य बाजार
नौकरी के साथ व्रत रखना थोड़ा मुश्किल है लेकिन पति के लिए हर मुश्किल आसान लगती है। शाम को सभी सहेलियां एक साथ कथा सुनेंगी। - पूजा बिष्ट, ट्रांजिट कैंप
मेहंदी का रंग जितना गहरा, पति का प्यार उतना ज्यादा। दो घंटे लाइन में लगकर मेहंदी लगवाई है। अब कल चांद निकलने का इंतजार है। - अंजलि सक्सेना, काशीपुर रोड