रुद्रपुर में पुलिस ने विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे सौरभ पर हमला करने वाले तीनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस मामले का बृहस्पतिवार को (आज) खुलासा करेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार सौरभ पर हमला करने वाला एक आरोपी हमदर्द बनकर कांग्रेस की सभा में भी पहुंचा था। तीनों हमलावर करीबी बताए जा रहे हैं।
बीते रविवार को विधायक के बेटे सौरभ बेहड़ पर बाइक सवार तीन युवकों ने जानलेवा हमला किया था। घटना उस समय हुई जब सौरभ स्कूटी से आवास विकास पुलिस चौकी जा रहे थे। बाइक सवारों ने स्कूटी को टक्कर मारने के बाद उन पर लात-घूसों से हमला कर दिया। शोर शराबा होने पर हमलावर भाग गए थे।
सौरभ को जिला अस्पताल के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया जहां से उन्हें बुधवार को छुट्टी मिल गई है। हमले के विरोध में मंगलवार को विधायक बेहड़ के आवास पर कांग्रेस की आक्रोश सभा हुई थी जिसमें पुलिस के खिलाफ आक्रोश दिखा। सभा में पहुंचकर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बुधवार देर शाम तक हमलावरों को गिरफ्तार करने का वादा किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमलावरों में शामिल एक युवक मंगलवार को हुई कांग्रेस की सभा में नजर आया था।
पुलिस हमलावरों के करीब है। इस मामले का बृहस्पतिवार को खुलासा किया जाएगा। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी