चुनाव में जनता ऐसा विधायक चुनना चाहती है जो विकास को अहमियत दे। सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसी समस्याओं को हल करे। आम लोगों की विधायक तक पहुंच हो। जनता का कहना है कि सड़कें बदहाल हैं और यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। तमाम समस्याओं से निजात दिलाने वाला ही विधायक बनना चाहिए।
मोहल्ला काजीबाग निवासी मोहम्मद युसुफ कहते हैं कि सड़कों की स्थिति काफी खराब है। जिससे वाहनों का चलना दूभर हो गया है। सड़कों की दशा सुधारने वाला ही विधायक बनना चाहिए। मोहल्ला कटरामालियान निवासी राजीव कुमार कहते हैं कि खनिज भरे ओवर लोडेड वाहनों ने सड़कों की सूरत बिगाड़ दी है। पुलिस की सुस्ती से ओवरलोडेड वाहन शहर के अंदर से गुजरते हैं।
पटरी से उतरी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने वाला विधायक होना चाहिए। मोहल्ला लाहोरियान निवासी आनंद कुमार कहते हैं कि विधायक ऐसा हो जो आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को चुस्त रखे। आम जनता की समस्याओं का निदान करे और विकास कार्य करे। मोहल्ला गिरीताल निवासी मोनेश शर्मा कहते हैं कि सड़कों के साथ ही नालियां चोक होने से जगह-जगह गंदा पानी सड़क में बहता है। जिससे सड़क में भी गड्ढे बन जाते हैं। सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने वाला विधायक बनना चाहिए। मोहल्ला गिरीताल निवासी अनुज जौहरी कहते हैं कि शहर की सड़कों में लगने वाले जाम से जनता को काफी परेशानियां होती हैं। नालियों की भी समय समय पर सफाई नहीं होती है। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने वाला ही विधायक बनना चाहिए।