गुरुद्वारा रीठा साहिब दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस के पलटने से घायल श्रद्धालु शनिवार शाम नानकमत्ता साहिब पहुुंचे। गंभीर रूप से घायलों को डेरे की ओर से संचालित निजी अस्पताल और मामूली रूप से चोटिलों का गुरुद्वारे की सराय में उपचार के साथ ही खाने पीने और रहने की समुचित व्यवस्था की गई।
पंजाब के श्रद्धालुओं की गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब दर्शन करने जा रही बस के सूखीढांग चंपावत के पास पलटने की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और धार्मिक डेरा कारसेवा ने घायलों को लाने और इलाज के लिए सेवादार घटना स्थल पर भेजे। दुर्घटना में घायल 25 लोगों को सेवादार गुरुद्वारे के वाहन से लेकर देरशाम नानकमत्ता पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल बलविंदर कौर, दलीप कौर, जसवीर कौर, व्यास कौर और नानक सिंह को डेरे की ओर से संचालित निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया गया। वहीं मामूली रूप से घायलों का गुरुद्वारे की सराय में ही उपचार किया गया। इसके साथ ही उनके रहने और खाने पीने की व्यवस्था भी की गई। दुर्घटना में घायलों के नानकमत्ता पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर के डाक्टरों की टीम ने डा. सुभाष यादव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मेसिस्ट हरीश चंद सती का सहयोग करने अस्पताल पहुंच गई।
देर रात तक डा.देवेंद्र सिंह, डा.जयप्रकाश शर्मा, डा.सतपाल सिंह थिंड, डा.हरनीत सिंह के साथ रणजीत सिंह ढिल्लो, बलदेव सिंह चीमा, दिलबाग सिंह, निरवैर सिंह संधू, अमूत सिंह विर्क, दारा सिंह घायलों की तीमारदारी में लगे थे।