शहर की मेट्रोपोलिस सिटी में मेंटीनेंस चार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में मंगलवार को मेट्रोपोलिस अपार्टमेंट ऑनर्स वेलफेयर सोसायटी मुखर हो गई। प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए सोसाइटी के प्रसार सचिव एवं राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह बिष्ट ने बढ़ा हुआ शुल्क वापस लेने की मांग का लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया। उनके समर्थन में कालोनी के तमाम लोगों ने धरना भी दिया।
मेट्रोपोलिस सिटी में रह रहे लोग लंबे समय से तमाम असुविधाओं से जूझ रहे हैं। कालोनी के वाशिंदे कालोनी प्रबंधन सहित प्रशासन से कई बार समस्याओं को लेकर शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। व्यवस्था सुधारना तो दूर प्रबंधन ने कालोनी में मेंटीनेंस चार्ज और बढ़ा दिया है, जिससे कालोनी के लोगों में आक्रोश है। शुल्क बढ़ाए जाने से मंगलवार को मेट्रोपोलिस अपार्टमेंट ऑनर्स वेलफेयर सोसायटी मुखर हो गई। सोसाइटी के प्रसार सचिव एवं राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह बिष्ट ने कालोनी के गेट नं. एक पर आमरण अनशन शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा जब तक बढ़ा हुआ शुल्क वापस नहीं लिया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कालोनी के तमाम लोगों ने आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर अवतार सिंह का समर्थन दिया। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा सुविधाओं के अभाव से जूझ रही कॉलोनी का मेंटीनेंस शुल्क बढ़ाया जाना अन्यायपूर्ण है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान डा. वीरपाल सिंह, एमएस बोरा, जितेंद्र यादव, दीपक बोरा, डी के आर्य, केडी खुल्लर, सज्जन कुमार, संजय सिंह, राकेश सिंह, रेखा सिंह, शशि श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, मोहिनी बिष्ट, मंजरी बत्रा, सीमा शर्मा, जारुल चौधरी, सुमन बोरा, गीता नेगी, चंद्रा जोशी, सुजाता भटनागर, बीपी पंत, राकेश शर्मा आदि मौजूद थे।