गदरपुर। बोलेरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होमगार्ड जवान ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
रविवार की तड़के चंडीगढ़ से नेपाल जा रही बोलेरो ने बाइक से ड्यूटी कर लौट रहे जसपुर क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर निवासी होमगार्ड जवान महेंद्र सिंह (55) और पीआरडी जवान नंदलाल को टक्कर मार दी थी। घायलों को सीएचसी गदरपुर के बाद जिला अस्पताल फिर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया था। उसके बाद महेंद्र सिंह को बरेली के राममूर्ति मेडिकल काॅलेज ले जाया गया था।
देर रात करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई। होमगार्ड महेंद्र सिंह की मौत से थाना गदरपुर में शोक व्याप्त है। एसओ जसवीर सिंह चौहान, एसआई नरेंद्र कुमार, मुकेश मिश्रा, बसंत प्रसाद, पवन जोशी, गणेश भट्ट, चंदन प्रकाश एवं होमगार्ड जवानों ने निधन पर शोक व्यक्त किया है। संवाद