रुद्रपुर। भाजपा नेता के बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में फरार दो इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। दोनों हमलावरों के नेपाल भागने की संभावना जताई जा रही है। इधर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, साथ ही इनाम बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में आठ अभियुक्त जेल भेजे जा चुके हैं।
मेट्रोपोलिस काॅलोनी निवासी भाजपा नेता मधु राय के बेटे पीयूष पर 18 अगस्त की रात पांच नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर नामजद अभियुक्तों एमआरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला, उसका भतीजा अक्षय फुटेला, कपिल हुड़िया, मैनेजर विकास गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एसएसपी ने फरार पांच हमलावराें पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा था। 30 अगस्त को पंतनगर पुलिस ने इनामी अभियुक्त राहुल शर्मा निवासी भदईपुरा और पवन कुमार निवासी जगतपुरा ट्रांजिट कैंप को संजय वन से गिरफ्तार किया था।
इसी दिन एसटीएफ ने इनामी अभियुक्त खेमराज चौहान उर्फ रिंकू निवासी फूलसुंगा को दक्ष चौराहे के पास से गिरफ्तार किया था। इस मामले में इनामी बदमाश अवनीश यादव उर्फ छोटू निवासी भदईपुरा और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी बिंदुखेड़ा फरार चल रहे हैं। दोनों के नेपाल भागने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि अभियक्तों की तलाश में टीमें जुटी हुई है। अभियुक्तों के खिलाफ उद्घोषणा वारंट के तहत धारा 84 बीएनएसएस जारी किया गया है। उनके खिलाफ इनामी राशि को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। संवाद