काशीपुर। साइबर ठगों ने एक युवक के क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते से दो लाख 33 हजार 351 रुपये निकाल दिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रेमनगर नीझरा, निवासी नवीन नैनवाल ने आईटीआई थाने में दी तहरीर में कहा कि बीती 10 सितंबर को उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति और ओटीपी के 10,499 रुपये कट गए थे। उन्होंने मास्टर कार्ड कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की थी। कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम विजय शर्मा बताते हुए उसके मोबाइल को सर्वर से कनेक्ट करने के बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर बात करने को कहा था। कुछ समय बाद वीडियो कॉल में साइबर ठग ने स्क्रीन शेयर करने को कहा और उसे भ्रमित किया।
ठग ने आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट कार्ड से 59999, 50999, 50999 और 50848 कुल दो लाख 12 हजार आठ सौ 45 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से दो बार ट्रांजेक्शन करके 8907 व 1100 कुल राशि 10007 निकाल लिए। ठग ने उनके खाते से कुल दो लाख 33 हजार तीन सौ 51 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।