पंतनगर। कोहरे के चलते बुधवार को पंंतनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने पर इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली–पंतनगर के बीच पहली फ्लाइट एक घंटे की देरी से पहुंची और दिल्ली लौटी। शाम चार बजे पंंतनगर पहुंचने वाली दूसरी फ्लाइट रद्द कर दी गई जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 800 मीटर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की आवश्यकता होती है। लेकिन बुधवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता मात्र 500 मीटर ही थी। निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने के कारण विमान को उतारना संभव नहीं था। इसलिए इंतजार करने के बाद दृश्यता बढ़ने पर इंडिगो की पहली उड़ान संख्या 6ई-7324, जो दोपहर 1:05 बजे पंतनगर पहुंचती है, को दिल्ली में एक घंटे की देरी से टेक आफ की अनुमति मिली। जबकि दूसरी उड़ान संख्या 6ई-7156, जो शाम 4:15 बजे पंंतनगर पहुंचती है, को रद्द कर दिया गया। पंंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। इसलिए दृश्यता बढ़ने पर पहली उड़ान को दिल्ली से एक घंटे देरी से संचालन की अनुमति मिली, जबकि दूसरी उड़ान को रद्द कर दिया गया। एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से यात्रियों को दूसरी उड़ानों, पूर्ण किराया वापसी अथवा सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाने का विकल्प दिया गया है।