राजमिस्त्री का काम करने वाले एक व्यक्ति ने घर में सोते समय अपने ही बच्चों पर खुकरी से जानलेवा हमला कर एक बेटे और एक बेटी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल हुई बेटी के सिर पर 32 और बेटे की कटी नाक पर 17 टांके लगे हैं। छोटे बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चारुबेटा गांव में राजमिस्त्री का काम करने वाले भगवान दास के घर में सुबह करीब तीन बजे उस समय कोहराम मच गया जब उसने अपने ही बच्चों पर खुकरी से जानलेवा हमला कर दिया।
बच्चों के कोहराम के बीच गांव के लोग भी वहां पहुंच गए तो देखा कि दो बच्चे लहूलुुहान पड़े हैं। उन्होंने दोनों बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बच्चों को हमला कर पिता घर से फरार हो गया लेकिन कुछ ही समय बाद वह फिर घर आया तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख रेखा सोनकर को दी। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भगवान दास को गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सकों ने भारी मशक्कत के बाद घायल 15 वर्षीय पुत्री तुलसी के सिर पर 32 और बेटे सूरज की खुकरी से काटी गई नाक पर 17 टांके लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी बहुत शराब पीता है और अक्सर बच्चों के साथ मारपीट भी करता है। यह भी बताया कि उनका घर द्वार नहीं है और किराए की झोपड़ी में रहते हैं।