काशीपुर के डिग्री कॉलेज में जूलूस निकालते समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
छात्र संघ चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन डिग्री कॉलेज में चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संभावित दावेदारों के साथ ही शक्ति प्रदर्शनों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। प्राचार्य ने किसी प्रकार की प्रचार सामग्री को परिसर में प्रतिबंधित करते हुए नोटिस चस्पा किया है। लेकिन दावेदार और समर्थक कालेज प्रशासन के नोटिस तो दूर लिंगदोह कमेटी के निर्देशों की भी खुली अवहेलना कर रहे हैं।
राधेहरि डिग्री कॉलेज में नया सत्र शुरू होने के साथ ही संभावित दावेदार भी सक्रिय हो गए थे। प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में होने के साथ ही दावेदारों ने प्रचार भी तेज कर दिया है। शहर में होर्डिंग के साथ ही वाहनों में भी दावेदारों ने प्रचार सामग्री चस्पा किया जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद परिसर में धड़ल्ले से छपी हुई प्रचार सामग्री का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। दावेदारों का कॉलेज परिसर में शक्ति प्रदर्शन करने का क्रम शुरू हो गया है।
कुछ दिन पूर्व अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ जुलूस निकाला तो सोमवार को दूसरे प्रत्याशी ने भी समर्थकों के साथ जुलूस निकाला। समर्थकों ने परिसर में घूमकर खूब शोर मचाया। प्राचार्य के बुलावे पर ऐहतियात परिसर में पुलिस बल भी तैनात रहा। इसके अलावा दूसरे पदों के दावेदार भी छात्र-छात्राओं के बीच जनसंपर्क करते रहे। प्राचार्य अर्जुन सिंह सिराड़ी ने बताया कि परिसर में बैनर, पोस्टर आदि पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसका नोटिस भी परिसर में चस्पा किया जा चुका है। मंगलवार से सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। अगर किसी ने जुलूस निकालकर परीक्षाओं में बाधा पहुंचाई तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
छात्र संघ चुनाव का प्रचार तेज होने के साथ ही पुराने छात्र नेता भी सक्रिय होने लगे हैं। वे अपनी-अपनी पसंद के दावेदारों के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। सोमवार को भी कई पुराने छात्र संघ पदाधिकारी कॉलेज में मंडराते रहे। छात्रों के बीच जाकर उनकी टोह भी लेते रहे। इधर संभावित दावेदारों ने भी पुराने छात्र संघ पदाधिकारियों को अपने पाले में करने के लिए उनकी परिक्रमा भी शुुरू कर दी है।