काशीपुर। सोमवार को काशीपुर में इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र को आसान देखकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। कई विद्यार्थियों ने निर्धारित समय से 15 मिनट पहले ही प्रश्नपत्र हल कर दिया।
शिक्षा विभाग के अनुसार, सोमवार को 16 परीक्षा केंद्रों पर हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान कुल 2665 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2600 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 65 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बीईओ धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि उन्होंने राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बांसखेड़ा सहित पांच परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से होती मिली।
क्या कहती हैं जीजीआईसी की छात्राएं
- छात्रा संध्या ने बताया कि हिंदी के प्रश्नपत्र में पढ़ाए गए पाठ्यक्रम से सवाल पूछे गए हैं। सभी 17 सवालों को समय रहते हल कर दिया था। पेपर खोलते ही बहुत खुशी हुई।
- छात्रा सानिया ने बताया कि पेपर आसान होने पर 15 मिनट पहले ही हल कर दिया था। कक्षा में जो मैम ने पढ़ाया था, उसी में से सवाल आए थे। कक्षाएं निरंतर चलती हैं। 10 मिनट पहले ही प्रश्न पत्र हल कर दिया था।
- छात्रा सानिया मिर्जा ने बताया कि हिंदी का पेपर बहुत ही सरल था। इसलिए आधा घंटा पहले ही हल कर दिया था। परीक्षा परिणाम बेहतर आने की उम्मीद है।
- छात्रा सोफिया ने बताया कि हिंदी का प्रश्न पत्र बहुत आसान था। सभी 17 प्रश्नों को समय रहते ही हल कर दिया था। भविष्य में अधिवक्ता बनना है। उसकी हिसाब से आगे की पढ़ाई की जाएगी।