इस्लाम नगर में गाली गलौच करने से मना करने पर एक युवक ने वृद्ध की जमकर पिटाई करते हुए चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार इस्लाम नगर निवासी समीर क्षेत्रवासी नन्हें (60) के साथ गाली गलौच कर रहा था। नन्हें ने जब समीर को गाली गलौच करने से मना किया तो समीर ने उसे पीटकर घायल कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान नन्हें की मौत हो गई।
उसके बेटे फल एवं सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष पप्पू अली की तहरीर पर पुलिस ने धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल चंचल शर्मा ने बताया कि अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पोस्टमार्टम की रिर्पोट के बाद धाराएं बदली जा सकती है।
कंजाबाग क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना में क्षेत्र निवासी ढिल्लू राणा और राधेश्याम राणा घायल हो गए। दोनों घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर उपचार कराया गया। इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।