तीन हजार के चेक पर फर्जी तरीके से तीन लाख का भुगतान लेने का मामला प्रकाश में आया है। कंपनी प्रबंधन ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंपकर जालसाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में कुमार आटो व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एकाउंट मैनेजर सुभाष भगत ने बताया कि उनकी कुमार आक्सीजन कंपाउंड रामपुर रोड में महिंद्रा एंड महिंद्रा की डीलरशिप है। 25 फरवरी 2015 को कुलवंत नगर निवासी आजेश कुमार नाम के व्यक्ति ने यहां पर 3000 बुकिंग अमाउंट जमा कर एक बोलेरो गाड़ी बुक कराई थी।
आजेश द्वारा कुछ समय तक बोलेरो नहीं खरीदे जाने के बाद कंपनी ने उन्हें जमा राशि का भुगतान करने के लिए अपने एसबीआई खाते का तीन हजार का चेक 8 सितंबर 2016 के दिन दे दिया। जिसकी रिसीविंग भी आजेश द्वारा दी गई है।
आरोप है कि 14 सितंबर 2016 को कंपनी का खाता जांचने पर पता चला कि आजेश के नाम जारी चेक पर किसी ने अशोक कुमार गुप्ता का नाम अंकित कर तीन लाख रुपये की रकम 12 सितंबर 2016 को ही निकाल ली है। सुभाष ने तहरीर के माध्यम से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।