रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के आजाद नगर में मंगलवार को कबाड़ की दुकान से सिलिंडर की गैस लीक होने पर कई लोगों का दम घुटने लगा था। वहीं अब सिलिंडर जहां से खरीदा गया उससे जुड़े लोगों का ‘दम’ घुटने लगा है।
पुलिस ने आरोपी कबाड़ी बबलू कश्यप उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर सिलिंडर कहां से खरीदा गया, इस संबंध में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथ कई अहम जानकारियां लगी हैं। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में किसी का नाम लेेने से इनकार इनकार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक सिलेंडर किसी सरकारी संस्था से कबाड़ी तक पहुंचा था। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि आरोपी बबलू से पूछताछ की जा रही जल्द ही मामले में कुछ लोगों के नाम सामने आएंगे जिनका खुलासा किया जाएगा।
एसडीएम, सीओ, सीएफओ सहित 14 लोग 36 घंटे बाद भी भर्ती
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर में गैस रिसाव के बाद घटनास्थल पर जाकर सिलिंडर का रेस्क्यू कराने में 10 अधिकारी व कर्मचारी भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए थे जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उन्हें ऑक्सीजन की मदद से नॉर्मल स्थिति में लाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन स्थिति यह है कि 36 घंटे बाद भी एसडीएम कौस्तुुभ मिश्र, सीओ आशीष भारद्वाज, सीएफओ वंश बहादुर यादव, एसडीआरएफ के दो जवान समेत कुल आठ लोगों को आईसीयू में रखना पड़ रहा है।
इसके अलावा घटनास्थल के नजदीक रहने वाले स्थानीय 28 लोग भी अस्पताल में भर्ती हुए थे। घटना के दूसरे दिन बुधवार को अधिकारियों से हुई बातचीत में बताया गया कि अभी उनका ऑक्सीजन लेवल नॉर्मल नहीं हुआ है। हालांकि पीएमएस डॉ. आरके सिन्हा के मुताबिक, बुधवार देर शाम कुछ जवानों व अधिकारियों को ऑक्सीजन लेवल सामान्य होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है।
वहीं बुधवार को जनरल वार्ड में भर्ती तीन लोगों को आईसीयू में ले जाना पड़ा। वहीं जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों के ऑक्सीजन लेवल में पहले से काफी सुधार आया है। चिकित्सकों का कहना है कि ऑक्सीजन नॉर्मल हो जाने पर जल्दी ही सभी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अजयवीर सिंह चौहान ने बताया कि अभी भी अस्पताल में कुल 14 प्रभावित भर्ती हैं।
पहले से स्थिति काफी नार्मल हो गई है लेकिन चिकित्सकों के मुताबिक अभी ऑक्सीजन लेवल सामान्य नहीं हो सका है।
- आशीष भारद्वाज, सीओ सिटी रुद्रपुर।
मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को स्थिति में काफी सुधार हुआ है। डॉक्टरों का कहना है कि जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
- वंश बहादुर सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी।
पहले से अब स्थिति ठीक है। बीपी भी नॉर्मल है चिकित्सकों के मुताबिक ऑक्सीजन लेवल में कुछ उतार-चढ़ाव है।
- कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम किच्छा।
अब स्थिति पूरी तरह से ठीक हो गई है। सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं हो रही है। जल्द ही चिकित्सक यहां से डिस्चार्ज कर देंगे।
- बालम सिंह, उपनिरीक्षक।
आजाद नगर के लोगों के चेहरों पर दूसरे दिन भी दिखा खौफ
रुद्रपुर। सिलिंडर से गैस रिसाव होने से आजाद नगर इलाके में मंगलवार को वीरानी छा गई थी। लोग घरों में ताला लगाकर वहां से दूर चले गए थे। घटना के अगले दिन भी लोगों के चेहरों पर खौफ का मंजर देखने का मिला। स्थानीय लोगों का कहना था कि बुधवार दोपहर तक वहां जहरीली गैस का प्रकोप था और लोगों को सुबह के समय हल्की परेशानी का भी सामना करना पड़ा लेकिन दोपहर तक स्थिति सामान्य हो गई थी। हालांकि लोगों ने बाहर से आने के बाद घरों व प्रतिष्ठानों की सफाई कर धूप व अगरबत्ती जलाई। संवाद
हरकत में आई पुलिस, छह कबाड़खाने सील
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर में गैस लीकेज की घटना होने के बाद जिले भर की पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने क्षेत्र के सभी कबाड़ियों का सत्यापन करना शुरू कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस मामले में जिलेभर की पुलिस को अपने क्षेत्र के कबाड़ियों का सत्यापन करने का आदेश दिया है। इस मामले में अनियमितता मिलने पर पुलिस ने गदरपुर में पांच और काशीपुर में एक कबाड़खाना सील किया है जबकि दिनेशपुर पुलिस ने छह, रुद्रपुर पुलिस ने 26, सितारगंज पुलिस ने पांच व ट्रांजिट कैंप पुलिस ने सात कबाड़खानों के खिलाफ अनियमितता मिलने पर पुलिस एक्ट के तहत चालान किया है। वहीं रुद्रपुर पुलिस ने आठ व गदरपुर पुलिस ने छह कबाड़खानों का चालान किया है। संवाद
सांसद भट्ट ने गैस प्रभावितों और हादसे के घायलों का हाल जाना
रुद्रपुर। रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री व सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को जिला अस्पताल, मेडिसिटी हॉस्पिटल व चीमा हॉस्पिटल में भर्ती जहरीली गैस रिसाव के पीड़ितों व सिरसा मोड़ के पास हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना के घायलों का हाल जाना। उन्होंने भर्ती लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
भट्ट ने कहा कि कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने डॉक्टरों से गैस प्रभावितों व हादसेे के घायलों के इलाज के संबंध की जानकारी ली। भट्ट ने डॉक्टरों को निर्देशित किया कि इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। वहां विधायक शिव अरोरा, मेयर रामपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, डॉ. अजयवीर सिंह चौहान, सीडीओ विशाल मिश्रा, एडीएम डॉ. ललित नारायण मिश्र आदि थे। संवाद
कांग्रेस नेता मीना ने आजाद नगर में पीड़ित परिवारों का हाल जाना
रुद्रपुर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीना शर्मा ने बुधवार को आजाद नगर पहुंचकर जहरीली गैस रिसाव के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित लोगों को सांत्वना देकर उनकी हिम्मत बढ़ाई। वहां सुशील मंडल, संजीव रस्तोगी, रामाधारी गंगवार, सुमित राय, रणजीत सिंह राणा, सुदर्शन शर्मा, वीरपाल पांडे, बाबूराम, अनिल शर्मा, अरविंद सक्सेना राकेश यादव आदि थे। संवाद
छह कबाड़ियों का किया चालान
दिनेशपुर। रुद्रपुर में कबाड़ के गोदाम से जहरीली गैस का रिसाव होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर बुधवार को पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर थाना क्षेत्र के कबाड़खानों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति और लाइसेंस के कबाड़खाना चलाने और कबाड़ को सड़क तक फैलाने वाले छह दुकानदारों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर जुर्माना वसूला गया। सभी कबाड़ियों को नोटिस जारी कर दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, क्रय विक्रय संबंधी रजिस्टर बनाने और तत्काल अपना सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। संवाद
रुद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती गैस रिसाव पीडितों का हाल जानते सांसद अजय भट्ट।- फोटो : RUDRAPUR