काशीपुर। महाराणा प्रताप चौक पर आरओबी बनने के बाद उसके नीचे की सड़क वर्षों से जीर्णशीर्ण हालत में है। अब नगर निगम प्रशासन आरओबी के नीचे टाइल्स सड़क बनाने की तैयारी कर रहा है।
महाराणा प्रताप चौक पर आरओबी बनने के दौरान कई स्थानों पर सड़क खोदकर पिलर खड़े किए गए थे। आरओबी तैयार होने के बाद सड़क को अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। इसके बाद से आरओबी के नीचे का हिस्सा जीर्णशीर्ण अवस्था में है। आसपास के दुकानदार व ग्राहक यहां पर वाहनों की पार्किंग करने लगे हैं। कई लोगों ने अपने खानपान व कपड़े बेचने का फड़ आदि लगा लिए हैं।
नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट ने बताया कि मुख्य चौराहा पर आरओबी के नीचे सड़क पूरी तरह से खराब हो चुकी है। अब निगम प्रशासन आरओबी के नीचे तीनों रास्तों की क्षतिग्रस्त सड़क की नापजोख के बाद टाइल्स सड़क बिछाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर रहा है। जल्दी यहां पर टाइल्स रोड बिछाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
इनसेट:
आरओबी के नीचे से हटेगा अतिक्रमण
नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट ने बताया कि आरओबी के नीचे लोगों ने अस्थाई रूप से अतिक्रमण कर रखा है। इसको जल्दी मुक्त कराया जाएगा। जगह खाली होने व टाइल्स बिछाने के बाद यहां पर निगम प्रशासन ई-रिक्शा स्टैंड बनाने की योजना बना रहा है। जो ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े होते हैं वह स्टैंड पर खड़े होंगे।