रुद्रपुर/गदरपुर। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री श्रेष्ठता पुरस्कार के लिए आवेदन में दर्शाए बिंदुओं का भारत सरकार की टीम ने दूसरे दिन भी सत्यापन कर जमीनी हकीकत को परखा।
निदेशक राजस्व मनीष कुमार सहाय और निदेशक विद्यालयी शिक्षा और साक्षरता उमेश प्रताप सिंह ने आकांक्षी ब्लाॅक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र शिवपुर का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पानी, शौचालय, लाईब्रेरी, स्मार्ट क्लास, मिड डे मिल आदि के बारे में अध्यापकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बच्चों से जानकारी ली।
टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर का निरीक्षण किया और दवाइयां, एक्सरे मशीन, विभिन्न प्रकार की जांच आदि की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर काॅलेज में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में पहुंचकर स्टाॅलों का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण में संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, बीडीओ आतिया परवेज, डीपीओ मुकुल चौधरी, एबीडीओ हेम कंडपाल, एडीओ पंचायत राजपाल चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, एक्सपर्ट डॉ. तनसीर आलम आदि रहे।