खटीमा। तीन दिन से लापता युवक का परवीन नदी में शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
झुरकुरिया, पीलीभीत निवासी प्रमोद (30) पुत्र राममूर्ति जादाेपुर स्थित एक फार्म हाउस में काम करता था। वह तीन दिन से लापता था। रविवार देर शाम उसका शव खेत के पास परवीन नदी में उतराता हुआ मिला। इसे देखकर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमोद हत्या के एक मामले में जमानत पर रिहा होकर आया था। उसके विवाह की भी बात चल रही थी। वह चार भाइयों और सात बहनों में दूसरे नंबर का था। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।