रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजादनगर में एक युवक का संदिग्ध हालात में शव नाले में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ हो सकेगी।
आजाद नगर वार्ड चार में ब्रिलिएंट एकेडमी स्कूल के पास नाले में बृहस्पतिवार की सुबह राहगीरों ने एक युवक का शव औधे मुंह पड़ा देखा। सूचना पर एसआई विकास रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नाले से बाहर निकलवाया।
मृतक ने कमर से ऊपर तक सफेद कट्टा पहना हुआ था। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो मृतक की पेंट की जेब से पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक ऑफ बड़ौदा का डेबिट कार्ड बरामद हुआ।
इससे उसकी पहचान देवरतन सिंह (25) निवासी ग्राम तजुआ, बरेली के रूप में हुई। मृतक के सिर पर चोट का निशान था। माना जा रहा कि नाले में गिरने की वजह से चोट लगी है। शरीर के अन्य हिस्सों पर कहीं चोट के निशान नहीं पाए गए। माना जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए मृतक ने प्लास्टिक का कट्टा पहना होगा। एसएचओ मोहन चंद्र पांडेय ने घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस को आसपास सीसीटीवी नहीं मिले। पुलिस की सूचना पर बरेली से उसके परिजन भी मोर्चरी पहुंच गए। मृतक अविवाहित था और घटनास्थल से कुछ दूरी पर किराए के कमरे में रहकर सिडकुल की एक फैक्टरी में काम करता था। उसकी मां मानसिक रूप से कमजोर है। मृतक का छोटा भाई है।