सितारगंज। सितारगंज-टनकपुर फोरलेन परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण का प्लान तैयार करने में देरी हो रही है। ऐसे में लोगों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन सितारगंज-खटीमा के 59 गांव की जमीनों की खरीद-बिक्री पर लगी रोक को हटाने का निर्णय वापस ले सकता है।
जिला प्रशासन एनएचएआई से भूमि-अधिग्रहण प्लान तैयार करने की समय सीमा पर पुनर्विचार करने के लिए पत्राचार कर रहा है। दो-तीन दिनों में डीएम इस पर निर्णय ले सकते हैं।
सितारगंज से टनकपुर जोड़ने वाले करीब 52 किमी नेशनल हाईवे-125 (नया एनएच-9) को फोरलेन बनाने की तैयारी है। निर्माणाधीन संस्था परियोजना का डीपीआर बनाने का कार्य कर रही है लेकिन इसमें काफी देरी हो रही है जिसका सीधा असर आमजनों पर पड़ रहा है। ग्रामीण जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और भूमि की प्रकृति में परिवर्तन नहीं कराने की शिकायत लेकर जिला प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन लोगों को शिथिलता प्रदान करने के लिए धारा-143 को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की लगाई रोक को हटाने का निर्णय ले सकता है।
इन 59 गांव की जमीनों पर लगाई है रोक
- डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने विकासखंड सितारगंज के गांव पंडीखेड़ा, पंडरी, बघोरी, बघौरा, तुर्कातिसौर, खैराना, खेमपुर, पचपेड़ा, कल्याणपुर, पुरनगढ़ झनकट, सुनखेरीखुर्द, नबदिया, मोहम्मदगंज, सुंखरा, नानकमत्ता, करघाटा, भगोरी, भगोरा, गौरीखेड़ा, चिकाघाट, दोहरा, बिडौरा, इस्लामनगर, सितारगंज आदि।
- विकासखंड खटीमा के गांव जरास उर्फ प्रतापपुर, जंगलजोथीथेर, बाराभूरिया, सडासडिया, पहेनिया, महोलिया, सुजिया, उमरु कलाॅ, नदन्ना, बिल्हिड़ी चकरपुर, गोहरपटिया, डोगोरी रेंज, उमरू खुर्द, बिगराबैग, बिलहीरीचकपुर, डोगरी रेंज, किलपुरा रेंज, मुंडेली, ऊंचीमहोवर, खटीमा रेंज, कुटारी, डोगरी रेंज, फुलैया, झनकट, बानूसा, हल्दी, भैंसा, पचपुरा, कुमरहा, महोलिया आदि।
-कोट
नेशनल हाईवे एक्ट के तहत भूमि अधिग्रहण प्लान तैयार किया जा रहा है। धारा 3 ए (निरीक्षण, सर्वे, माप, मूल्यांकन आदि) की प्रकिया पूरी होने के बाद साफ होगा कि कौन सी जमीन परियोजना की जद में आ रही है। इसमें दो महीने का समय लगेगा। - अचल जिंदल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
-
लगातार लोगों की शिकायतें आ रही हैं। सितारगंज-टनकपुर फोरलेन परियोजना की डीपीआर तैयार करने की समयावधि को लेकर एनएचएआई से पुनर्विचार के लिए पत्राचार किया जाएगा। इसके बाद डीएम इस पर निर्णय लेंगे। - कौस्तुभ मिश्रा, एडीएम, ऊधमसिंह नगर